नेज़ल पॉलिप्स की सर्जरी के बाद की देखभाल

नेज़ल पॉलिप्स की सर्जरी के बाद की देखभाल

नेज़ल पॉलिप्स नाक और साइनस की लाइनिंग में मास का बड़ना है| वे आमतौर पर समूहों में होते हैं लेकिन कुछ मामलों में उन्हें एकल भी देखा जा सकता है।

ये नेज़ल पॉलिप्स दर्द रहित और कैंसर रहित होते हैं। वे अलग-अलग आकार के हो सकते हैं। शुरुआत में जब ये पॉलिप्स छोटे होते हैं तो ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। वास्तव में, एक व्यक्ति को यह भी पता नहीं चल सकता है कि उसके नाक में पॉलिप्स हैं क्योंकि वे शुरुआत में कोई लक्षण नहीं दिखाते हैं। लेकिन जैसे-जैसे ये पॉलिप्स बढ़ते हैं, ये परेशानी पैदा करने लगते हैं। 

बड़े पॉलिप्स नाक को ब्लॉक कर सकते हैं और साँस लेने में कठिनाई पैदा कर सकते हैं या यहां तक ​​कि हमारी सूँगने की शमता को भी ख़तम कर सकते हैं। यह आमतौर पर तब होता है जब उन्हें लंबे समय तक अनुपचारित छोड़ दिया जाता है।

प्रारंभ में, नेज़ल पॉलिप्स को सिकोड़ने के लिए दवाएं दी जाती हैं। आमतौर पर, उन्हें नेज़ल स्प्रे के रूप में दिया जाता है। ये नेज़ल स्प्रे दवा को सीधे नाक और साइनस में पहुंचाने में मदद करते हैं। नेज़ल पॉलिप्स के उपचार के लिए सबसे अधिक इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं में स्टेरॉयड और एंटीहिस्टामाइन शामिल हैं। लेकिन वे पूर्ण इलाज प्रदान नहीं करते हैं। यदि ये दवाएं पॉलिप्स को कम करने में मदद नहीं करती हैं, तो आपका डॉक्टर आपको सर्जरी कराने का सुझाव दे सकता है। नेज़ल पॉलिप्स को हटाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सर्जिकल प्रक्रिया को पॉलीपेक्टॉमी कहा जाता है।  

क्या नेज़ल पॉलिप सर्जरी दर्दनाक होती है?

आमतौर पर ज्यादातर लोगों को ज्यादा दर्द महसूस नहीं होता है। आप सर्जरी के उसी दिन घर वापस जा सकते हैं। आप कुछ मामूली पोस्ट-सर्जिकल लक्षणों को भी महसूस कर सकते हैं जो आमतौर पर कुछ हफ्तों में ठीक हो जाते हैं।

सर्जरी के बाद क्या उम्मीद करें?

नेज़ल पॉलिप सर्जरी एक आउट पेशेंट सर्जिकल प्रक्रिया है। सर्जरी के बाद मरीज उसी दिन घर वापस जा सकता है। नेज़ल पॉलिप्स की सर्जरी कराने के बाद आप इन चीजों की उम्मीद कर सकते हैं। हालांकि, ये चीजें आम होती हैं और सर्जरी के बाद कुछ दिनों से लेकर हफ्तों तक ठीक हो सकती हैं।

  • नाक से खून बहना: सर्जरी के बाद थोड़ी मात्रा में खून बहना या खून के धब्बे दिखना बहुत आम है। यह आमतौर पर 3-5 दिनों तक रहता है। खून निकालने के लिए आप रुई या टिश्यू पेपर से नाक पर थपथपा सकते हैं। हालाँकि, आपको अपनी नाक से बलपूर्वक साँस नहीं छोड़ना चाहिए।
  • दर्द: सर्जरी के बाद आप नाक और साइनस में दर्द की उम्मीद कर सकते हैं। दर्द कुछ दिनों तक रह सकता है। दर्द कम करने के लिए आप पेरासिटामोल जैसी दर्द निवारक दवाएं ले सकते हैं। हालांकि, एस्पिरिन या अन्य एनएसएआईडी (NSAIDs) लेने से बचना चाहिए।
  • थकान: आप सर्जरी के बाद भी कुछ दिनों तक थकान का अनुभव कर सकते हैं।
  • नाक बंद होना: आप सर्जरी के बाद भी नाक बंद महसूस कर सकते हैं। यह आमतौर पर केवल 2-3 सप्ताह तक रहता है। नाक बंद होने के कारण नाक और साइनस क्षेत्र में सूजन हो सकती है।

पोस्ट ऑपरेटिव देखभाल के लिए युक्तियाँ (टिप्स)

सर्जरी के बाद, इन युक्तियों का पालन करने से असुविधा और दर्द कम हो सकता है और तेजी से ठीक होने में मदद मिल सकती है।

  • सलाइन नेज़ल स्प्रे: स्प्रे के रूप में सलाइन सॉल्यूशन का उपयोग करने से नाक के क्षेत्र को नम रखने में मदद मिल सकती है। हर 3-4 घंटे में स्प्रे का प्रयोग करें।
  • सलाइन नेज़ल वॉश या नेती क्रिया: नेज़ल कैविटी और साइनस को सलाइन सॉल्यूशन से धोने से सूजन और दर्द को कम करने में मदद मिल सकती है। आप इसे दिन में दो बार या अपने सर्जन द्वारा बताए अनुसार कर सकते हैं।
  • सोते समय अपना सिर ऊपर उठाएं।

क्या ना करें?

  • नाक से बलपूर्वक साँस छोड़ना: सर्जरी के बाद नाक से बलपूर्वक साँस छोड़ने से नाक से खून बह सकता है। इसलिए नाक को थपथपाना और रुई या टिश्यू पेपर का उपयोग करके बलगम को निकालना हमेशा अच्छा होता है। यदि आपको लगता है कि बलगम आसानी से नहीं निकल रहा, तो आप सलाइन नेज़ल स्प्रे का उपयोग कर सकते हैं। आप सर्जरी के 2 सप्ताह बाद धीरे से अपनी नाक साफ कर सकते हैं।
  • कठिन व्यायाम और अन्य गतिविधियाँ: सर्जरी के बाद कठिन व्यायाम और गतिविधियाँ करने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इससे नाक से खून बहने का खतरा बढ़ सकता है।
  • एस्पिरिन और एनएसएआईडी (NSAIDs) जैसी दवाएं ना लें: एस्पिरिन और अन्य एनएसएआईडी आमतौर पर दर्द को कम करने के लिए उपयोग की जाती हैं। लेकिन सर्जरी के बाद इन दवाओं को लेने से रक्तस्राव (खून बहने) का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए दर्द कम करने के लिए सुरक्षित विकल्प पेरासिटामोल है।
  • गर्म पानी से नहाना या गर्म चीज़ पीना: गर्म पानी से नहाना या गर्म तरल पदार्थ पीने से नाक से खून आ सकता है। इसलिए सर्जरी के बाद कम से कम 2 सप्ताह तक गर्म पानी से स्नान और गर्म तरल पदार्थ पीने से बचना अच्छा है।
  • इरीटेंट्स के संपर्क में आने से बचें: धूम्रपान, प्रदूषण से निकलने वाले धुएं, धूल, गंदगी, एलर्जी और अन्य इरीटेंट्स के संपर्क में आने से उपचार में देरी हो सकती है। इसके अलावा इससे पॉलिप्स के वापस आने की संभावना भी बढ़ सकती है।
  • लंबे समय तक आगे झुकने से बचें, खासकर सर्जरी के पहले दो हफ्तों में।

ठीक होने में कितना समय लगता है?

यह एक आउट पेशेंट सर्जरी है जिसका अर्थ है कि आप सर्जरी के उसी दिन घर वापस जा सकते हैं। रिकवरी व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भिन्न होती है।

आमतौर पर लोग सर्जरी के एक हफ्ते बाद काम करना शुरू कर सकते हैं। एक सप्ताह के बाद 50% नियमित गतिविधियों को फिर से शुरू किया जा सकता है। नियमित गतिविधियों पर वापस आने में 3 सप्ताह तक का समय लग सकता है। देखभाल करना बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि पूरी तरह से ठीक होने में एक या दो महीने लग सकते हैं। सर्जरी के बाद 3-4 महीने तक डॉक्टर के पास नियमित जाना आवश्यक हो सकता है।

Back to blog

Leave a comment

Please note, comments need to be approved before they are published.

Our Product and Services